एक मरीज की जांच करता डॉक्टर 
टॉप न्यूज़

शराब की दुकानों के बाहर डॉक्टर तैनात, जानें कहां...!

नियमित शराब पीने वालों की हो रही स्वास्थ्य जांच

Kamlesh Pandey

लिवर-किडनी की स्थिति जानने को लिए जा रहे ब्लड सैंपल

सागर : मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल शुरू की है। अब जिले में शराब की दुकानों के बाहर डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की जा रही हैं। यहां शराब खरीदने पहुंचने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। खासतौर पर नियमित और अत्यधिक शराब का सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर उनकी जांच की जा रही है।

प्रशासन की इस पहल के पीछे सितंबर महीने में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से 20 से अधिक लोगों की मौत का मामला प्रमुख वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद प्रशासन ने शराब का नियमित सेवन करने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है।

शराब दुकानों के बाहर लगाए जा रहे मेडिकल कैंप

जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें अभियान चला रही हैं। इन टीमों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को शामिल किया गया है। शराब की दुकानों के बाहर टेबल-कुर्सियां लगाकर मेडिकल कैंप संचालित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में शराब खरीदने आने वाले लोगों का ब्लड प्रेशर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार उनके खून के नमूने लेकर लिवर और किडनी की कार्यक्षमता की जांच भी कराई जा रही है।

लिवर और किडनी की बीमारी का लगाया जा रहा पता

डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक अत्यधिक शराब का सेवन करने से शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीमें एलएफटी (LFT) और आरएफटी (RFT) जैसी जांच करा रही हैं। जांच के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नियमित शराब पीने वाले लोगों के लिवर और किडनी की स्थिति कैसी है। जिन लोगों में बीमारी के संकेत मिल रहे हैं, उन्हें आगे की जांच और उपचार कराने की सलाह दी जा रही है। साथ ही जरूरत के अनुसार दवाइयां और विटामिन बी-1 एवं मल्टीविटामिन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

2 दिनों में 147 लोगों की हुई जांच

इस अभियान के शुरुआती 2 दिनों में करीब 147 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 144 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। सागर के अलावा देवरी, रहली, बीना, खुरई और बंडा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें केवल शराब दुकानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों में भी नियमित शराब सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर रही हैं।

नियमित ग्राहकों की बनाई जा रही सूची

अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शराब दुकान संचालकों से नियमित रूप से शराब खरीदने वाले ग्राहकों की सूची तैयार करने में सहयोग मांगा है। इस सूची में विशेष रूप से उन लोगों को शामिल किया जा रहा है, जो लंबे समय से शराब का सेवन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग दुकान खुलने से पहले ही शराब खरीदने पहुंच जाते हैं। ऐसे लोगों को भी स्वास्थ्य जांच के लिए चिह्नित किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे लोगों की समय रहते पहचान करना है, जिनमें शराब के अत्यधिक सेवन के कारण गंभीर बीमारियां विकसित होने का खतरा है।

डॉक्टर दे रहे शराब छोड़ने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई लोग खुद को पूरी तरह स्वस्थ मानते हैं, क्योंकि उन्हें फिलहाल कोई परेशानी महसूस नहीं होती। लेकिन लंबे समय तक शराब पीने का असर धीरे-धीरे शरीर पर पड़ सकता है। डॉक्टर लोगों को समझा रहे हैं कि नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और शराब के सेवन से दूरी बनाएं। उन्हें शराब छोड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ परिवार और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जा रही है।

डॉक्टरों की तैनाती पर उठे सवाल

शराब दुकानों के बाहर डॉक्टरों की तैनाती को लेकर अब बहस भी शुरू हो गई है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. सर्वेश जैन ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि डॉक्टरों की सेवाओं का उपयोग अस्पतालों और मरीजों के उपचार में होना चाहिए। उन्होंने नशे की समस्या से निपटने के लिए नशामुक्ति केंद्रों और काउंसलिंग की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

SCROLL FOR NEXT