सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

शांतिपुर में चिटफंड से सैकड़ों महिलाओं के लाखों रुपये ठगी का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर में एक बार फिर चिटफंड के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऊंचे ब्याज और आसान लोन का लालच देकर एक निजी संस्था ने क्षेत्र की सैकड़ों गरीब महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। पीड़िताओं का आरोप है कि 'अग्रगति वेलफेयर सोसाइटी' नामक संस्था उनके लाखों रुपये डकार कर रातों-रात दफ्तर में ताला लगाकर चंपत हो गई है।

धोखाधड़ी का तरीका

शांतिपुर के मठपारा और चैतन्यपल्ली जैसे इलाकों की महिलाओं ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस संस्था में साप्ताहिक प्रीमियम (किस्त) जमा कर रही थीं। संस्था के कर्मचारी घर-घर जाकर पैसे इकट्ठा करते थे। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि छोटी बचत पर मोटा ब्याज मिलेगा और जरूरत पड़ने पर आसान किस्तों में लोन भी दिया जाएगा। शुरुआती दौर में विश्वास जीतने के लिए कुछ महिलाओं को लोन दिया भी गया, जिससे अन्य महिलाओं का भरोसा बढ़ गया।

फुर्र हुए कर्मचारी

इसी महीने महिलाओं को ब्याज समेत उनकी जमा राशि वापस मिलनी थी। लेकिन जब भुगतान का समय आया, तो संस्था के मालिक और कर्मचारी ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो गए। उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। ठगी का अहसास होते ही पीड़ितों ने शांतिपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

SCROLL FOR NEXT