मिट्टी से नीचे से निकला संदूक REP
टॉप न्यूज़

शांतिपुर में निकला रहस्यमयी संदूक, मिट्टी खोदते ही मचा हड़कंप

जंजीरों से बंधा मिला विशाल लॉकर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में जारी मरम्मत कार्य के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन के नीचे से लोहे का एक विशालकाय रहस्यमयी संदूक बरामद हुआ। भारी-भरकम संदूक के चारों ओर लोहे की मोटी जंजीरें लिपटी थीं और उसके आसपास सांपों का डेरा बना हुआ था, जिसे देखकर मजदूर डर के मारे भाग खड़े हुए।

सांपों का डेरा देख भागे मजदूर, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही शांतिपुर के बीडीओ सब्यसाची राय और पंचायत समिति के उपाध्यक्ष चंचल चक्रवर्ती प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में संदूक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। अलमारी के आकार का यह संदूक काफी बड़ा और भारी था, जिससे इसे निकालने में काफी समय लगा। इलाके में खबर फैलते ही उत्सुक लोगों की भीड़ जमा हो गई।

रहस्य का पटाक्षेप: खजाने की जगह मिला सिर्फ मिट्टी और रद्दी कागज

संदूक के बाहर आने पर सभी के मन में खजाने या ऐतिहासिक दस्तावेजों को लेकर काफी उत्सुकता थी। हालांकि, जब संदूक को खोला गया तो सारी अटकलों पर विराम लग गया। संदूक के अंदर मिट्टी और कुछ पुराने फटे हुए कागजों के अलावा कुछ नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार, पुराना भवन बहुत प्राचीन है और संभवतः उस दौर में दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता था।

SCROLL FOR NEXT