गृहमंत्री अमित शाह ने किया दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन 
टॉप न्यूज़

कश्मीर अब स्थानीय स्तर पर भर्ती किये गये आतंकियों से मुक्त : शाह

आतंकवाद ‘कतई बर्दाश्त न करने’ की नीति के मिल रहे सकारात्मक परिणाम

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि सुरक्षा बलों के लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराने के बाद कश्मीर स्थानीय स्तर पर भर्ती किये गये आतंकवादियों से मुक्त हो गया है।

दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन

शाह ने यहां आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के आतंकवाद को ‘कतई बर्दाश्त न करने’ की नीति अपनाई है और इस नीति के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। गौरतलब है कि भट बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। वह कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चौकी पर 11 नवंबर को हुए आतंकवादी हमले के सिलसिले में वांछित था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गये थे।

36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत लाया गया

शाह ने कहा कि आतंकवाद, संगठित अपराध और मादक पदार्थों से जुड़ी समस्या को पूरी तरह से खत्म करने के लिए विदेश में छिपे अपराधियों को वापस लाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत लाया गया है। शाह ने कहा कि आतंकी वित्तपोषण के पूरे नेटवर्क को नष्ट करना बेहद जरूरी है। इसके लिए वित्तीय जांच के लिए जिम्मेदार एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल कायम करना आवश्यक है। गृहमंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद का शिकार रहा है और ‘हम लंबे समय से’ इसका सामना कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की पुलिस ने कई प्रयास किये, लेकिन उनमें आपसी तालमेल की कमी साफ तौर पर दिखाई दे रही थी।

PFI के नेटवर्क को बड़ा झटका

शाह ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (PFI) के नेटवर्क का खात्मा इस बात का बड़ा उदाहरण है कि पूरे भारत में पुलिस बलों की ओर से चलाए गये समन्वित अभियान कितने प्रभावी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक ही रात में, 11 राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर PFI के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बन गया है।

सम्मेलन में ‘सीमा पार आतंकवाद’ के मुद्दे पर होगी चर्चा

शाह ने गुरुवार को दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन में ‘सीमा पार आतंकवाद’ के मुद्दे पर चर्चा की जायेगी। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी नयी चुनौतियों का सामना करने के लिए भविष्य के लिए तैयार रणनीतियां बनाने और संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करने पर विचार-विमर्श होगा। आतंकवाद-रोधी सम्मेलन में राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद-रोधी कार्यों से जुड़ी केंद्रीय एजेंसियों एवं विभागों के अधिकारी तथा कानून, फोरेंसिक और प्रौद्योगिकी जैसे संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT