दो दिवसीय आतंकवाद विरोधी सम्मेलन का उद्घाटन  
टॉप न्यूज़

शाह ने किया आतंकवाद विरोधी सम्मेलन का उद्घाटन

‘सीमा पार आतंकवाद’ से निपटने पर होगा मंथन

Ravi

नयी दिल्ली : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दो दिवसीय आतंकवाद विरोधी सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन में ‘सीमा पार आतंकवाद’ से निपटने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप आतंकवाद रोधी रणनीतियां विकसित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा के समक्ष उभरते खतरों का मुकाबला करने के लिए संस्थागत क्षमताओं को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया जायेगा।

हर साल आयोजित होने वाला यह सम्मेलन आतंकवाद रोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों, संबंधित एजेंसियों और तकनीकी, कानूनी तथा फॉरेंसिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है। यह सम्मेलन विभिन्न एजेंसियों और सुरक्षा बलों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों तथा आतंकवाद से उत्पन्न खतरों की सामूहिक रूप से समीक्षा करने का अवसर प्रदान करता है।

सरकार के सभी अंगों के बीच समन्वय स्थापित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप सम्मेलन में सभी संबंधित पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य औपचारिक और अनौपचारिक संवाद के ऐसे माध्यम विकसित करना है, जिनसे आतंकवाद के खिलाफ समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

गृह मंत्रालय के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य भविष्य की नीतियों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है। इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) कर रहा है। इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय ‘सीमा पार आतंकवाद’ रखा गया है। सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद रोधी गतिविधियों से जुड़ी केंद्रीय एजेंसियों एवं विभागों के अधिकारी तथा कानून, फॉरेंसिक और प्रौद्योगिकी सहित संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT