कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस के खिलाफ भाजपा सांसद नगेंद्र राय (अनंत महाराज) की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने नेताजी भवन के सामने सत्याग्रह किया। एल्गिन रोड पर प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार समेत पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
शुभंकर सरकार के नेतृत्व में आयोजित सत्याग्रह में कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रकाश जोशी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने नगेंद्र राय की तत्काल गिरफ्तारी के साथ उनकी राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की। पार्टी नेताओं का आरोप है कि नगेंद्र राय लगातार नेताजी सुभाष चंद्र बोस के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं और इससे राष्ट्रीय नायक का अपमान हुआ है।
कांग्रेस के मुताबिक, सत्याग्रह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, दक्षिण एवं मध्य कोलकाता जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद और मानस सरकार तथा महासचिव आशुतोष चटर्जी को हिरासत में ले लिया।
नेताओं की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से नगेंद्र राय के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय नायक के अपमान के मामले में केंद्र को चुप नहीं रहना चाहिए।
इससे पहले भी कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और शुभंकर सरकार नगेंद्र राय की गिरफ्तारी तथा उनकी राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग कर चुके हैं। शुक्रवार के सत्याग्रह के दौरान हुई गिरफ्तारियों से यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक रूप से गरमा गया है।