सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव तथा डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी 'सेवाश्रय 2' की शुरुआत करने जा रहे हैं। सोमवार से महेशतला विधानसभा अंतर्गत विभिन्न इलाकों में सेवाश्रय स्वास्थ्य शिविर शुरू होने जा रहा है। अभिषेक बनर्जी खुद उद्घाटन करेंगे। अभिषेक सोमवार सुबह करीब 10 बजे न्यूलैंड ग्राउंड, चौक चंदुल रथतला और सबुज संघ ग्राउंड में सेवाश्रय 2 का उद्घाटन करेंगे। यह स्वास्थ्य शिविर अगले सात दिनों तक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चलेगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। वहां लोगों को मुफ्त चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। इससे पहले 'सेवाश्रय' 2 जनवरी से डायमंड हार्बर में चलना शुरू हुआ था। लगातार 75 दिनों तक आम लोगों को सेवाएं प्रदान की गईं। आंख, कान, रक्तचाप, शुगर से लेकर कैंसर तक - लोगों को विभिन्न बीमारियों के लिए मुफ्त चिकित्सा सेवाएं मिलती हैं। न केवल स्थानीय लोग, बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से भी कई लोग इन शिविरों में आए। पहले चरण में बड़ी सफलता के बाद, तृणमूल की यही पहल दूसरी बार है। 7 नवंबर को अभिषेक ने अपने जन्मदिन पर सेवाश्रय 2 के विस्तृत शेड्यूल की घोषणा की।