सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक राज्यभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित होंगे इसके तहत कई कार्यक्रम होंगे। सभी विभागों, जिला प्रशासन, नगरपालिकाओं और ब्लॉक प्रशासन को समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम से होगी। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और उनके परिवारों के साथ सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 हजार दीपक जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन होगा। 17 से 30 सितंबर तक ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’ के तहत भाषण, चित्रांकन, निबंध प्रतियोगिता और प्रदर्शनी आयोजित होंगी, जिनमें विद्यार्थी व शिक्षक भाग लेंगे। इसी दौरान ‘नमो सेवा—अनजानी कहानियां’ के तहत संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से जनसेवा व जनकल्याण की पहलें सामने रखी जाएंगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव वीडियो, रील, तस्वीर और लेख के रूप में जुटाए जाएंगे। वहीं, 20 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ‘सेवा में मेरा योगदान’ के तहत पर्यावरण, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों में आम लोगों को जोड़ा जाएगा।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और सामुदायिक संगठनों, लाभार्थियों, नवोन्मेषकों तथा आम नागरिकों की भागीदारी से कई आपस में जुड़े कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करना, नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी पहलों को आम लोगों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।