टॉप न्यूज़

अमेरिकी संसद में ट्रंप को झटका, युद्ध शक्तियां सीमित करने वाला प्रस्ताव पास

प्रतिनिधि सभा में 215-208 वोटों से प्रस्ताव पारित, रिपब्लिकन सांसदों ने भी दिया डेमोक्रेट्स का साथ; ईरान नीति पर ट्रंप पर बढ़ा राजनीतिक दबाव।

वॉशिंगटन : ईरान के खिलाफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई पर अमेरिकी संसद के निचले सदन में बड़ा फैसला लिया गया है। प्रतिनिधि सभा ने एक प्रस्ताव पारित कर ट्रंप की युद्ध संबंधी शक्तियों को सीमित करने और ईरान से अमेरिकी सैन्य बलों को वापस बुलाने की मांग की है।

न्यूयॉर्क के डेमोक्रेट सांसद ग्रेगरी मिक्स द्वारा पेश इस प्रस्ताव के पक्ष में 215 और विरोध में 208 वोट पड़े। खास बात यह रही कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के चार सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का समर्थन किया।

इस फैसले को ट्रंप प्रशासन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान को लेकर पहले से ही विपक्षी डेमोक्रेट्स लगातार सवाल उठाते रहे हैं। अब रिपब्लिकन सांसदों के एक वर्ग के समर्थन ने भी इस बहस को और तेज कर दिया है।

हालांकि प्रस्ताव को प्रभावी बनने के लिए अभी अमेरिकी सीनेट (उच्च सदन) की मंजूरी भी जरूरी है। वहीं, ट्रंप हाल के दिनों में ईरान के साथ युद्धविराम और बातचीत के पक्ष में भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच जल्द किसी समझौते की संभावना बन सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रस्ताव के बाद पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य नीति को लेकर नई राजनीतिक बहस शुरू हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT