कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को एक और अहम घोषणा की। उन्होंने सोशल साइट पर लिखा कि बंगाल की जनता ने जिस उम्मीद, भरोसे और विश्वास के साथ राष्ट्रवादी सरकार चुनी है, उन उम्मीदों को पूरा करना हमारी सरकार का संकल्प है। इसी मकसद से एक अहम फैसला लिया गया है। 'नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम' (NSAP) और राज्य सरकार की सोशल वेलफेयर पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए मासिक आर्थिक सहायता को 1,000 से बढ़ाकर 1,500 करने का आदेश जारी किया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा मिलेगी और उनका जीवन अधिक आरामदायक हो जाएगा। सीएम ने कहा कि यह फैसला अगस्त 2026 से लागू होगा और 1 सितंबर से बढ़ी हुई मासिक पेंशन की राशि पूरी पारदर्शिता के साथ DBT के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार जन-कल्याण और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करती रहेगी।