मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आज से राज्यभर में माध्यमिक परीक्षा की शुरुआत हो गई है। पहले दिन के पहले पेपर को लेकर छात्राओं में आत्मविश्वास के साथ-साथ स्वाभाविक घबराहट भी देखने को मिली। ऐसे में कोलकाता के यूनाइटेड मिशनरी गर्ल्स हाई स्कूल में सुबह से ही परीक्षा का माहौल नजर आया। परीक्षा के पहले छात्राएं निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गईं। स्कूल गेट के बाहर हलचल रही, लेकिन अनुशासन बना रहा। छात्राओं के चेहरे पर गंभीरता और तैयारी की झलक साफ दिखाई दी।
पहली बड़ी परीक्षा को लेकर हल्का डर
छात्रा परीक्षा से पहले छात्राओं से बात करने पर उन्होंने बताया कि उनकी तैयारी अच्छी रही है, लेकिन माध्यमिक जैसी बड़ी परीक्षा पहली बार देने के कारण थोड़ी घबराहट महसूस हो रही है। छात्रा रोशनी साव ने कहा कि “तैयारी तो पूरी है, लेकिन पहली बार माध्यमिक देने जा रही हूं, इसलिए थोड़ा नर्वस हूं।
पढ़ाई और रिवीजन पर रहा फोकस
छात्राओं ने बताया कि उन्होंने समय-समय पर सिलेबस पूरा किया और रिवीजन पर खास ध्यान दिया। स्कूल की ओर से दिए गए मॉडल प्रश्न और शिक्षकों की गाइडलाइन से उन्हें काफी मदद मिली।
अभिभावकों की चिंता और भरोसा
परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों में बच्चों को लेकर चिंता जरूर थी, लेकिन भरोसा भी नजर आया। अभिभावक सुशीला दासी ने बताया कि हमने परीक्षा के दिनों में बच्ची की दिनचर्या पर पूरा ध्यान दिया है। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों को समय पर खाना खिलाया गया, पूरी नींद लेने दी गई और देर रात तक जागने से बचाया गया। मोबाइल फोन और अन्य डिस्ट्रैक्शन से बच्चों को दूर रखा गया।
मानसिक दबाव से दूर रखने की कोशिश
अभिभावकों का कहना है कि घर में सकारात्मक माहौल बनाया गया ताकि बच्चे बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें। उन्हें बार-बार यही कहा गया कि घबराने की जरूरत नहीं है। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। शिक्षकों ने छात्राओं को अंतिम समय में शांत मन से पेपर लिखने की सलाह दी।
आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की शुरुआत
कुल मिलाकर, माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन छात्राओं में आत्मविश्वास और हल्की घबराहट दोनों देखने को मिली। छात्रों और अभिभावकों की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि परीक्षा को लेकर तैयारी के साथ मानसिक संतुलन पर भी जोर दिया जा रहा है।