निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा नगर निगम (एचएमसी) क्षेत्र के सभी 50 वार्डों को कवर करते हुए 26 चिन्हित स्थानों पर तीन दिवसीय 'सेवा सेतु अभियान' शिविरों की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। अभियान के पहले ही दिन विभिन्न शिविर स्थलों पर नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। उत्तर हावड़ा के विधायक व राज्य मंत्री उमेश राय, शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष और बाली के विधायक संजय सिंह ने शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हावड़ा की जिलाधिकारी (IAS) पी. दीपाप्रिया और नगर निगम आयुक्त (IAS) तेजस्वी राणा समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आम जनता से बातचीत की और योजनाओं के निष्पादन का जायजा लिया। इस विशेष अभियान के तहत लग रहे शिविरों के माध्यम से हावड़ा के हजारों नागरिक वृद्धावस्था भत्ता, विधवा भत्ता, दिव्यांगता भत्ता, अन्नपूर्णा योजना और आयुष्मान भारत जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ व अपडेट प्राप्त कर रहे हैं।