निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के शालीमार-आंदुल मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई। यह दुर्घटना रात करीब 10:30 बजे शालीमार स्टेशन से आंदुल रोड की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर तीन नंबर रेलगेट के पास हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार विद्यासागर सेतु की दिशा से आ रहे एक भारी डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल दक्षिण हावड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात तक लगा रहा लंबा जाम
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। दुर्घटना के कारण शालीमार एप्रोच रोड से लेकर विद्यासागर सेतु तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त निगरानी की मांग की है।