सुप्रीम कोर्ट 
टॉप न्यूज़

बिना मंजूरी वाले पद पर नहीं हो सकती स्थायी नियुक्ति : सुप्रीम कोर्ट

‘कर्मचारी का योग्यता का दावा मान्य नहीं, पद का अस्तित्व में होना जरूरी’

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि कर्मचारी सिर्फ योग्य होने के आधार पर बिना मंजूरी वाले पद पर नियुक्ति नहीं मांग सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पात्रता (एलिजिबिलिटी) केवल एक शर्त है, जिससे किसी ऐसे पद पर अधिकार नहीं बनता जो अस्तित्व में ही न हो या स्वीकृत न हो।

नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के लेक्चरर की अपील खारिज

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अगुवाई वाले पीठ ने झारखंड की नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के एक लेक्चरर की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने जरूरी शैक्षणिक योग्यता हासिल करने की तारीख से ही नौकरी में स्थायी समायोजन (अब्जॉर्प्शन) की मांग की थी। पीठ ने इसके साथ ही झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। हाईकोर्ट के खंडपीठ ने एकल पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें लेक्चरर के स्थायी समायोजन पर 5 दिसंबर 1987 से विचार करने का निर्देश दिया गया था।

योग्यता पूरी करना स्थायी नौकरी का आधार नहीं

अपीली बृज कुमार मिश्रा की नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के SJSN कॉलेज में हिंदी लेक्चरर के रूप में हुई थी। विभाग में यह पांचवां पद था, जिस पर उनकी नियुक्ति की गयी थी। नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी। उन्होंने यह जरूरी योग्यता 5 दिसंबर 1987 को हासिल की। कोर्ट ने कहा कि जिस पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन मांगा जा रहा है, उस पद का अस्तित्व भी होना चाहिए।

क्या था मामला?

SJSN कॉलेज को 31 मार्च 1987 को कट-ऑफ तारीख मानते हुए रांची यूनिवर्सिटी का अंगीभूत (घटक) कॉलेज बना दिया गया। उस समय तक सरकार ने हिंदी के लेक्चरर के केवल तीन पदों को मंजूरी दी थी। इसके बाद नवंबर 1987 में सरकार ने हिंदी लेक्चरर का चौथा पद भी मंजूर कर दिया। हालांकि ये चारों पद पहले से नियुक्त किये गये लेक्चरर्स से भर दिये गये थे। बृज कुमार मिश्रा की नियुक्ति उनसे पहले नहीं, बल्कि बाद में हुई थी। इस मामले का विवाद एक आयोग की सिफारिशों से जुड़ा है। कॉलेजों को घटक इकाइयों में बदले जाने के बाद वहां काम करने वाले शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को स्थायी रूप से समायोजित करने के मुद्दे की जांच के लिए यह आयोग बनाया गया था। आयोग ने स्थायी समायोजन के लिए विचार किये जाने योग्य शिक्षकों की सूची में बृज कुमार मिश्रा का नाम भी शामिल किया था। हालांकि आयोग ने उनकी पात्रता की तारीख 5 दिसंबर 1987 दर्ज की थी।

SCROLL FOR NEXT