टॉप न्यूज़

SBI केंद्रों के स्थानांतरण रोकने को CM शुभेंदु से हस्तक्षेप की मांग

कोलकाता से हटाए जा सकते हैं पेंशन, लोन और क्रेडिट प्रोसेसिंग सेंटर बैंक बचाओ देश बचाओ मंच ने लिखा पत्र

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के विभिन्न प्रोसेसिंग केंद्रों को कोलकाता से अन्य शहरों में स्थानांतरित किए जाने की कथित योजना के खिलाफ बैंक बचाओ देश बचाओ मंच ने आवाज बुलंद की है। मंच ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से हस्तक्षेप कर इस कदम को रोकने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस निर्णय से राज्य की बैंकिंग विरासत, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मंच के संयुक्त संयोजक विश्वरंजन राय और सौम्य दत्ता ने बताया कि सेंट्रलाइज्ड पेंशन प्रोसेसिंग सेंटर (CPPC), लोन सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर (LCPC) और सेंट्रलाइज्ड क्रेडिट प्रोसेसिंग सेंटर (CCPC) को कोलकाता से बाहर ले जाने की खबरें चिंताजनक हैं। उनका कहना है कि इससे शहर की ऐतिहासिक बैंकिंग पहचान कमजोर होगी।

पहले भी प्रभावित हुई थीं नौकरियां

संगठन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इससे पहले SBI के सेंट्रल अकाउंट्स ऑफिस को कोलकाता से हटाए जाने के कारण लगभग 400 नौकरियां प्रभावित हुई थीं। इनमें अधिकारी, लिपिकीय, अधीनस्थ और संविदा कर्मचारी शामिल थे।

पलायन रोकने की उठाई मांग

मंच ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे SBI प्रबंधन और केंद्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाएं तथा राज्य से बैंकिंग संस्थानों और महत्वपूर्ण परिचालन इकाइयों के पलायन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही, पहले स्थानांतरित की गई बैंकिंग गतिविधियों को पुनः कोलकाता में स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने की मांग की गई है।

SCROLL FOR NEXT