नई दिल्ली/इस्लामाबाद: पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बावजूद विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 37 से अधिक लोगों की मौत और 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने का दावा किया गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी स्वतंत्रता सेनानी राम प्रसाद बिस्मिल की प्रसिद्ध पंक्ति "सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है..." और "इंकलाब जिंदाबाद" के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो, जिसे रावलाकोट का बताया जा रहा है, में सैकड़ों प्रदर्शनकारी बस अड्डे पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।
संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) स्थानीय निकाय चुनावों के बीच आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। संगठन का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में धांधली, जबरन गायब किए जाने की घटनाएं और प्रशासनिक दमन लगातार बढ़ रहा है। मृतकों में JAAC के केंद्रीय समिति सदस्य उमर नजीर के भाई उस्मान नजीर का भी नाम शामिल बताया गया है।
PoJK में पिछले कई सप्ताह से महंगाई, प्रशासनिक उपेक्षा, राजनीतिक भेदभाव और अल्पसंख्यकों के साथ कथित अत्याचारों को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
इस बीच भारत ने भी PoJK में कराए जा रहे चुनावों को पाकिस्तान द्वारा अपने अवैध कब्जे को छिपाने और क्षेत्र में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों पर पर्दा डालने का प्रयास बताया है।