टॉप न्यूज़

सरदारशहर परिषद का निशुल्क कृत्रिम पांव वितरण शिविर

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सरदारशहर परिषद ने महावीर सेवा सदन के तकनीकी सहयोग तथा सरदारशहर प्रवासियों के आर्थिक सहयोग से कोलकाता के ऐतिहासिक राज भवन परिसर में एक भव्य निशुल्क कृत्रिम पांव वितरण शिविर का आयोजन किया। इस महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यक्रम की गरिमा तब और बढ़ गई जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल महामहिम सी. वी. आनंद बोस स्वयं उपस्थित रहे और दिव्यांगजन कल्याण की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ, जिसके बाद परिषद की ओर से संदीप चिंडालिया ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। युवा सदस्य आनंद बरड़िया ने परिषद के उद्देश्यों और उसकी निरंतर सामाजिक पहलों का परिचय देते हुए बताया कि परिषद लंबे समय से सेवा कार्यों में सक्रिय है और प्रवासी समाज के सहयोग से ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री दिनेश चोरडिया, पूर्व मंत्री अमित तातेड़, विजय नाहटा, विकास बोथरा, बाबूलाल श्याम सुखा, अशोक मुंधड़ा, संदीप चंडालिया, दिलीप बरड़िया सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल महोदय को पश्चिम बंगाल में उनके तीन वर्ष के सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर मोमेंटो, शाल और पुष्पमाला प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने परिषद के मानवीय प्रयासों की सराहना की और कहा कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम पांव प्रदान करने जैसी पहल समाज में समानता, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है।

महावीर सेवा सदन के संस्थापक अध्यक्ष जे. एस. मेहता ने अपने भावपूर्ण उद्बोधन में संस्था की यात्रा, सेवाभाव और तकनीकी विशेषज्ञता पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. नेवटिया ने आधुनिक तकनीक से निर्मित कृत्रिम पांवों का परिचय देकर बताया कि कैसे यह उपकरण दिव्यांग व्यक्तियों को चलने-फिरने में आत्मविश्वास प्रदान करता है।

इस शिविर में सरदारशहर परिषद ने लगभग 150 कृत्रिम पांव वितरित किए, जिससे अनेक दिव्यांगजन फिर से सामान्य जीवन की ओर कदम बढ़ा सके। इनमें से कई लाभार्थी वर्षों से चलने में असमर्थ थे और इस सहायता को पाकर उन्होंने नई ऊर्जा और आशा का अनुभव किया।

कार्यक्रम में परिषद की ओर से फतेहचंद चिंडालिया, बाबूलाल डागा, संदीप डागा, पारस बोथरा, नरेंद्र आंचलिया, प्रशांत दसानी, राहुल सोमानी, अजीत सेठिया, राजेश बोथरा, मनीष चोरडिया, प्रीत बैद, तेजस तातेड़, ललित डागा, दीपक मुंदड़ा, राजकुमार सोमानी आदि पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

महावीर सेवा सदन की ओर से रंजीत सिंघी, विनय प्रकाश सेठिया, नवरत्न सिंघी, रमेश तेनानी, पंकज बंसल, गरिमा और अन्य सहयोगी भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अमित तातेड़ ने अत्यंत सुंदर और सहज तरीके से किया।

SCROLL FOR NEXT