निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : तारापीठ और कोलकाता की हालिया अग्निकांड की घटनाओं के बाद हावड़ा के सांतरागाछी और सांतरागाछी स्टेशन इलाके में दमकल विभाग ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक जांच अभियान चलाया है। सुरक्षा मानकों में खामियां पाए जाने पर विभाग ने 37 होटलों, रेस्टोरेंटों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी की है।
आपातकालीन निकास और उपकरणों की हुई गहन जांच
निरीक्षण के दौरान दमकल विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न होटलों और मॉल में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) और फायर अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। जिन प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं पाई गई, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक इंतजाम पूरे करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही पर सील करने की चेतावनी
दमकल विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नोटिस के बावजूद यदि खामियां दूर नहीं की गईं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर होटलों या मॉल को अस्थायी रूप से सील भी किया जा सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में हावड़ा के अन्य व्यावसायिक इलाकों में भी यह विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।