निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद संदेशखाली एक बार फिर बड़ी राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई का केंद्र बन गया है। साल 2024 के राशन घोटाले, जमीन हड़पने और महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में सीबीआई के रडार पर रहे पूर्व तृणमूल नेता शेख शाहजहां के करीबियों पर अब कानून का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। सोमवार की देर रात संदेशखाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक तृणमूल उपाध्यक्ष श्रीदाम हावली को गिरफ्तार कर लिया।
श्रीदाम हावली पर साल 2015 में अवैध रूप से जमीन कब्जा करने और इस दौरान पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप है। राजनीतिक रसूख के कारण अब तक बचे रहे इस नेता की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने संदेशखाली थाने के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी नेता को पुलिस कस्टडी में ले जाते समय झाड़ू और जूते दिखाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इसी के साथ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वरूपनगर से पंचायत समिति के उपाध्यक्ष नारायण कर को भी गिरफ्तार कर लिया है। नारायण कर पर साल 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई राजनीतिक हिंसा में शामिल होने का आरोप है। पिछले 5 सालों से फरार चल रहे इस नेता को राज्य में नई सरकार के आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया।