सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

संदेशखाली के स्कूल में भूत का खौफ! 35 छात्राएं पड़ीं बीमार

अचानक सांस फूलने की मिली शिकायत

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : संदेशखाली स्थित फूलमणि आदर्श विद्यामंदिर में शुक्रवार को कक्षा के दौरान अचानक एक के बाद एक 30 से 35 छात्राएं गंभीर रूप से बीमार पड़ गईं। सभी छात्राओं को सांस लेने में तकलीफ, हाथ-पैर में ऐंठन और शरीर में जकड़न की शिकायत के बाद तुरंत मीनाखां स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस अजीबोगरीब घटना से छात्रों और अभिभावकों के बीच भारी हड़कंप मच गया है। छात्राओं का दावा है कि पिछले एक महीने से केवल नौवीं कक्षा की छात्राओं के साथ ही ऐसा हो रहा है। स्थानीय लोग इसे 'भूत-प्रेत' का साया मान रहे हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग और विज्ञान मंच ने इसे अफवाह करार दिया है।

मनोचिकित्सक करेंगे काउंसलिंग

बशीरहाट जिले के उप मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्यामल कुमार विश्वास ने बताया कि कुल 32 बीमार छात्राओं में से 30 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो का इलाज जारी है। जांच में सामने आया कि दो-तीन साल पहले उसी क्लासरूम में एक छात्रा ने आत्महत्या की थी। हाल ही में किसी ने उसका वीडियो वायरल कर दिया, जिससे छात्राओं में गहरा मानसिक खौफ बैठ गया है। एहतियात के तौर पर उस कमरे को फिलहाल बंद कर दिया गया है और छात्राओं के डर को दूर करने के लिए मनोचिकित्सकों द्वारा काउंसलिंग कराई जाएगी।

SCROLL FOR NEXT