तालाब में गिरी कार को निकालती पुलिस  
टॉप न्यूज़

संदेशखाली में पूर्व विधायक की कार की चपेट में आने से दो की मौत!

अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी कार, दो अन्य घायल

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : संदेशखाली के पूर्व तृणमूल विधायक सुकुमार महतो की कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। बुधवार की शाम यह घटना बासंती रोड के बोयारबाड़ी इलाके में घटी। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व तृणमूल विधायक की स्कॉर्पियो ने एक टोटो को टक्कर मार दी और इसके बाद वह सड़क के किनारे एक तालाब में जा गिरी। इस दुर्घटना में टोटो ड्राइवर नजीबुर रहमान (47) और महिला यात्री महिमा बीबी (50) की मौके पर ही मौत हो गयी। दोनों मृतक दक्षिण 24 परगना के भांगड़ के रहने वाले हैं। वहीं नजीबुर की पत्नी महमुदा बीबी (40) और बेटी मुमताज खातून (14) का मिनांखा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें कोलकाता के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना के समय वाहन में मौजूद नहीं थे पूर्व विधायक

मालूम हो कि दुर्घटना के समय पूर्व तृणमूल विधायक सुकुमार महतो कार में मौजूद नहीं थे। उनका ड्राइवर जब गाड़ी लेकर जा रहा था, तब यह हादसा हुआ। सुकुमार महतो की स्कॉर्पियो कार संदेशखाली की ओर से मलंच की तरफ जा रही थी, जबकि मलंच से एक टोटो सवारियों को लेकर संदेशखाली की तरफ आ रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सुकुमार महतो की कार ने नियंत्रण खो दिया और टोटो को सामने से टक्कर मार दी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर नैजाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही संदेशखाली के भाजपा विधायक सनत सरदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों और घायलों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और पूर्व तृणमूल विधायक से भी ऐसा ही करने की अपील की है। बाद में नैजाट थाने की पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि, पुलिस का मानना है कि गाड़ी के भीतर ड्राइवर के अलावा और कोई अन्य सवार नहीं था।

SCROLL FOR NEXT