आग बुझाने में जुटे दमकल कर्मी  
टॉप न्यूज़

अस्पताल के ब्लड बैंक कार्यालय में आग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कमरहट्टी : सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ब्लड बैंक कार्यालय में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पानीहाटी और कामरहाटी दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कामरहाटी दमकल विभाग के इंजन ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कामरहाटी सागर दत्त पुलिस चौकी की टीम, असिस्टेंट सुपर गोपाल सामंत और ब्लड बैंक की एचओडी (HOD) प्रियंका राय बनर्जी मौके पर मौजूद थीं।

दमकल विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

कामरहाटी दमकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर अमित मुखर्जी ने बताया कि आग रात करीब 11:10 बजे लगी और रात 12:30 बजे तक इस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। गनीमत रही कि अस्पताल का फायर अलार्म सिस्टम समय पर चालू हो गया, जिससे आग ज्यादा नहीं फैली। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए ब्लड बैंक की सेवाएं बाधित रहीं, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

बंद कार्यालय और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल !

सूत्रों के मुताबिक, हादसे के वक्त विभाग में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आग लगने के कारण कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतने संवेदनशील विभाग में ड्यूटी पर कोई क्यों नहीं था? वहीं दूसरी ओर, मीडियाकर्मियों के लंबे इंतजार के बाद भी एचओडी प्रियंका राय बनर्जी और असिस्टेंट सुपर गोपाल सामंत ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए नजर आए।

SCROLL FOR NEXT