सुखबीर सिंह बादल, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी का ऐलान  shah_navin_and_badal_declaring_akalis_return_in_nda
टॉप न्यूज़

अकाली-भाजपा छह साल बाद फिर एक हुए

पंजाब में मिलकर लड़ेंगे चुनाव, शाह ने कहा : गठबंधन में ‘बड़ा भाई’ रहेगा अकाली दल

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मंगलवार को पंजाब में ‘बड़ी उपलब्धि’ हासिल हुई जब उसके सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने 6 साल बाद ‘घर वापसी’ की। भाजपा और शिअद ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में सभी 117 सीटों पर मिलकर लड़ने का ऐलान किया। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का पद शिअद के पास रहेगा, क्योंकि गठबंधन में वही ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा।

2020 में तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर अलग हो गया था शिअद

गौरतलब है कि सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच शिअद ने राजग से नाता तोड़ लिया था, जिससे उनकी 24 साल पुरानी साझेदारी खत्म हो गयी थी। हालांकि बाद में इन कानूनों को वापस ले लिया गया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ नयी दिल्ली में साझा प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब को एक विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। बादल ने कहा कि भाजपा-शिअद पंजाब के सभी मुद्दों को सुलझायेगी।

सीटों के बंटवारे पर बातचीत जल्द

शाह ने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए दोनों पार्टियां जल्द ही एक विस्तृत घोषणापत्र को अंतिम रूप देंगी, लेकिन पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना, किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना इसके मुख्य केंद्र-बिंदु होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों को सुलझाने और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देने के भाजपा के वादे को शिअद के हमारे साथ आने से और मजबूती मिलेगी।

'राजग अब पूर्ण हो गया'

शाह ने कहा कि अकाली दल के वापस आने से राजग अब पूर्ण हो गया है। नवीन ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बातचीत जल्द ही होगी। सूत्रों की मानें तो भाजपा 50 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि बाकी 67 सीटें शियद के लिए छोड़ी जा सकती हैं। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पंजाब में जन-हितैषी शासन सुनिश्चित होगा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के बीच एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले और राज्य प्रगति की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि राजग पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।

SCROLL FOR NEXT