अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया गुरुवार को 24 पैसे कमजोर होकर 92.44 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिका की ओर से अतिरिक्त आयात शुल्क लगाए जाने की आशंका ने रुपये पर दबाव बनाया। हालांकि, विदेशी निवेशकों की ओर से भारतीय बाजार में निवेश से रुपये को कुछ समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का रुख पलट गया और यह करीब 95 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के आसपास पहुंच गया। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के नए प्रस्ताव से प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ व्यापार तनाव बढ़ने की आशंका पैदा हुई है। इससे महंगाई को लेकर चिंताएं भी बढ़ी हैं।
अमेरिका ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया। हालांकि, प्रस्ताव में यह प्रावधान भी है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने पर शुल्क को घटाकर 17 प्रतिशत तक सीमित किया जा सकता है। यह कदम अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की 16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच के बाद उठाया गया है। जांच रिपोर्ट में भारत पर ऐसी नीतियों और गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया, जो उत्पादन क्षमता और विनिर्माण में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता को बढ़ावा देती हैं। भारत ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि वह जल्द द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.50 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 92.31 से 92.66 के दायरे में रहा। अंत में यह पिछले बंद भाव से 24 पैसे की गिरावट के साथ 92.44 पर बंद हुआ। इससे पहले बुधवार को रुपये में 65 पैसे की जोरदार तेजी आई थी और यह 92.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो चालू वित्त वर्ष का अब तक का सबसे मजबूत बंद स्तर था। गौरतलब है कि 8 अक्टूबर को रुपया 96.88 प्रति डॉलर के अपने अब तक के सबसे निचले बंद स्तर तक पहुंच गया था। वहां से इसमें करीब 5 प्रतिशत की रिकवरी हुई है।
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च प्रमुख राजीव शरण ने कहा कि रुपये पर एक साथ दो दबाव देखने को मिले। ब्रेंट क्रूड की कीमत फिर 95 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंची और अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव की बारीकियां शुरुआती सुर्खियों के मुकाबले कुछ कम सख्त हैं। यदि द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत शुल्क 17 प्रतिशत तक सीमित रहता है, तो भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिल सकती है। उनके मुताबिक, रुपये में सीमित गिरावट से मजबूत मुद्रा और टैरिफ के जोखिम का सामना कर रहे निर्यातकों को कुछ राहत मिल सकती है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.09 प्रतिशत बढ़कर 103.70 पर रहा। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.86 प्रतिशत गिरकर 93.80 डॉलर प्रति बैरल पर था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,328.59 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 प्रतिशत चढ़कर 25,884.50 पर पहुंच गया। बुधवार को दोनों प्रमुख सूचकांकों में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 4,479.08 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।