निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) की परीक्षा से पहले प्राथमिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं की कथित तलाशी को लेकर सांकराइल में विवाद खड़ा हो गया है। सांकराइल गर्ल्स स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर तलाशी के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके अपनाए जाने का आरोप महिला परीक्षार्थियों ने लगाया है। मामले में एक शिक्षिका ने सांकराइल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर से केंद्र पर प्राथमिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं डीएलएड की परीक्षा दे रहे हैं। बताया गया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले पुरुष और महिला परीक्षार्थियों की अलग-अलग तलाशी की व्यवस्था थी। इसके लिए पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा परिषद की ओर से एक एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई थी।
अंतिम दिन शिक्षिकाओं ने जताया विरोध
शनिवार को परीक्षा के अंतिम दिन महिला शिक्षिकाओं के एक वर्ग ने आरोप लगाया कि तलाशी के दौरान उनके निजी अंगों को हाथ लगाकर जांच की गई। कुछ शिक्षिकाओं का यह भी आरोप है कि उन्हें अंतर्वस्त्र तक उतारने के लिए कहा गया। घटना के बाद शिक्षिकाओं में नाराजगी फैल गई। हावड़ा सिटी पुलिस के अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है। नियमानुसार महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मचारियों और पुरुष परीक्षार्थियों की तलाशी पुरुष कर्मचारियों द्वारा अलग स्थानों पर की जाती है। तलाशी में नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, हावड़ा जिला प्राथमिक स्कूल काउंसिल के कार्यवाहक चेयरमैन दिलीप कुमार साहा ने कहा कि उन्हें अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर वह स्वयं जांच करेंगे। स्कूल प्रबंधन ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।