बेल मिलने के बाद सोमवार (15 जून 2026) को जेल से बाहर आए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। बाहर आते ही उन्होंने खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैसल खान उर्फ खान सर को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें घटना के महज छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन पुलिस ने 72 घंटे बाद भी फैसल खान को गिरफ्तार नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि फैसल खान को कुछ नेताओं का संरक्षण प्राप्त है और उनका नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।
रौशन आनंद ने दावा किया, “पटना पुलिस फैसल खान के हाथों बिक चुकी है। कदमकुआं थाने में मेरी गिरफ्तारी के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।” उन्होंने कहा कि जब तक वह अपने भाई प्रिंस यादव को न्याय नहीं दिला देते, तब तक घर नहीं जाएंगे।
बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई थी। प्रिंस खान सर की कोचिंग पर हुई कथित फायरिंग मामले में आरोपी बताए जा रहे थे और घटना के बाद से फरार थे।
जेल से बाहर आने के बाद रौशन आनंद अपने कोचिंग सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में गार्ड से जबरदस्ती बयान लिया गया।
उन्होंने कहा, “फैसल खान झूठ बोल रहे हैं। जिस गार्ड का बयान लिया गया, वह कोचिंग का गार्ड था और हम भी उसे पैसे देते थे।” उन्होंने पुराने बीपीएससी आंदोलन का जिक्र करते हुए भी फैसल खान पर सवाल उठाए।
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं और पुलिस जांच आगे बढ़ रही है।