टॉप न्यूज़

सियालदह फ्लाईओवर पर सड़क मरम्मत रातोंरात

 कोलकाता : सियालदह फ्लाईओवर पर सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। केएमडीए द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। पूरे सियालदह फ्लाईओवर की सड़क जो कि बदहाल थी उसमें जान डालने की कोशिश है। हाल में देखा गया है कि रातोंरात मरम्मत कार्य से सड़क की हालत में बदलाव आ रहा है। गत बुधवार को जहां बदहाल स्थिति थी वहीं शुक्रवार की रात को मरम्मत कार्य कर लिया गया। केएमडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सन्मार्ग को बताया कि यहां अब तक का सबसे बड़ा मरम्मत कार्य हो रहा है। इस कार्य में करीब 4 करोड़ की लागत आयेगी। पूरे फ्लाईओवर के रास्तों की मरम्मत की जायेगी।

बारिश से काम में पड़ा असर

महानगर में बारिश जारी है। इसके चलते रास्तों की हालत और ज्यादा खराब हो रही है। कहीं बड़े बड़े गड्ढे तो कहीं सड़क की पिच उखड़ गयी है। बारिश का असर सियालदह फ्लाईओवर के कामकाज पर भी पड़ रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि हमलोग समय पर काम पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन लगातार बारिश से असर पड़ा रहा है।

पूरे फ्लाईओवर की मरम्मत

फ्लाईओवर के हेल्थ चेकअप में पूरे फ्लाईओवर में ही मरम्मत कार्य करने का सुझाव दिया गया है। अभी उपरी हिस्सों में मरम्मत कार्य हो रहा है। सूत्रों की माने तो बाद में फ्लाईओवर के अन्य हिस्सों में भी काम होगा। उल्लेखनीय है कि सियालदह फ्लाईओवर के नीचे भारी संख्या में दुकानें और हॉकर्स हैं। इनका स्थानांतरण के बाद ही निचले हिस्सों में काम करना संभव होगा। हालांकि दुकानदारों की तरफ से पहले भी कहा गया है कि उन्हें यहां कामकाज कराने में कोई समस्या नहीं है। उत्सव का सीजन छोड़कर काम में कोई दिक्कत नहीं है।

SCROLL FOR NEXT