टॉप न्यूज़

बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा

sabita

कोलकाता : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल में संपर्क व्यवस्था में सुधार के लिए धरातल पर उतारी जा रही 35,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के अतिरिक्त, एक लाख करोड़ रुपये की सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की बृहस्पतिवार को घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि राज्य में केंद्र की लगभग 40,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल लगभग 35,000 करोड़ रुपये की लागत से करीब 450 किलोमीटर की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

गडकरी ने कहा, ‘‘आज मैं बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा कर रहा हूं। मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो सिर्फ घोषणा करके चले जाते हैं। मैं जो भी वादा कर रहा हूं, उसे मैं पूरा करूंगा।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘2014 में आपके आशीर्वाद से इस देश में एक बदलाव आया। नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने और देश को एक नई दृष्टि मिली। अब यह डबल-इंजन की ट्रेन इतनी तेज़ी से चलेगी कि पश्चिम बंगाल को एक विकसित राज्य में बदल देगी।’’ गडकरी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को राज्य के सड़क बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वित्तीय सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा, ‘‘पैसों की चिंता मत कीजिए। आप (परियोजनाएं) मांगते-मांगते थक जाएंगे, लेकिन मैं धन देते-देते नहीं थकूंगा।’’

गडकरी ने कई अन्य परियोजनाओं की भी घोषणा की, जिनमें 26,000 करोड़ रुपये की लागत वाला चार-लेन सिलीगुड़ी-गुवाहाटी कॉरिडोर, 6,000 करोड़ रुपये की लागत वाला सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर और 14,000 करोड़ रुपये की कोलकाता रिंग रोड परियोजना शामिल है।उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास आर्थिक प्रगति के केंद्र में है, क्योंकि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों, व्यापार, कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही पूंजी निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र में नरेन्द्र मोदी और पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के साथ यह डबल-इंजन सरकार राज्य के विकास को बुलेट ट्रेन की तरह तेज गति देगी और इसे समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगी।’’ गडकरी ने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और कई स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख करते हुए बंगाल को एक ऐसी भूमि बताया, जिसने भारत के बौद्धिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी आंदोलनों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

SCROLL FOR NEXT