मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की औद्योगिक विरासत, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की परंपरा को सम्मानित करने के उद्देश्य से पीयरलेस ग्रुप ने शनिवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ईएम बाईपास कनेक्टर से पीयरलेस हॉस्पिटल तक जाने वाली सड़क का औपचारिक नामकरण था। अब यह सड़क दिवंगत उद्योगपति, समाजसेवी और पीयरलेस ग्रुप के स्तंभ सुनील कान्ति रॉय के नाम पर “सुनील कान्ति रॉय सरणी” के रूप में जानी जाएगी। पीयरलेस ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि सुनील कान्ति रॉय न सिर्फ एक सफल उद्यमी थे, बल्कि उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच, ईमानदार कार्यशैली और समाज के प्रति असाधारण समर्पण के माध्यम से बंगाल के औद्योगिक माहौल में नई ऊर्जा का संचार किया। उनके नेतृत्व में पीयरलेस ग्रुप ने चिकित्सा, वित्तीय सेवाओं और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। यही कारण है कि सड़क का यह नामकरण उनके अमूल्य योगदान का प्रतीक बन गया है। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सुनील कान्ति रॉय का जीवन जनसेवा और मानवता की सशक्त मिसाल है। उनका सामाजिक दृष्टिकोण और व्यावसायिक ईमानदारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बनी रहेगी। यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।
इस अवसर पर कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। मेयर ने कहा कि सुनील कान्ति रॉय ने उद्योग जगत को जिस नैतिकता और संवेदनशीलता से दिशा दी, वह आज भी बंगाल की पहचान है। उनके साथ पीयरलेस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर जयंत रॉय, सांसद सायोनी घोष, वार्ड 109 की पार्षद अनन्या बनर्जी, वार्ड 87 की पार्षद मनीषा बोस सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सुनील कान्ति रॉय को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
मेयर ने व्यक्त की खुशी
मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस सड़क का नामकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी अलीपुर में एक प्रसिद्ध उद्योगपति के नाम पर सड़क का नाम रखा गया था। मेयर ने कहा कि उन्हें सबसे अधिक खुशी तब होती है जब किसी प्रतिष्ठित बंगाली उद्योगपति के सम्मान में किसी सड़क का नामकरण किया जाता है, क्योंकि इससे समाज को प्रेरणा मिलती है और स्थानीय उद्योग जगत की पहचान भी मजबूत होती है।