सड़क पर धंसान से हो गया गड्ढा  
टॉप न्यूज़

हावड़ा में केसी दत्ता रोड पर अचानक धंसी सड़क, 1.7 मीटर गहरा गड्ढा बना

पेवर ब्लॉक खिसकने से मची अफरा-तफरी, यातायात पुलिस ने घेरा इलाका

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा में व्यस्त केसी दत्ता रोड पर बुधवार की सुबह अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सड़क के एक हिस्से के पेवर ब्लॉक खिसकने के बाद वहां करीब 1.7 मीटर गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढे का आकार काफी बड़ा होने के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। हालांकि घटना की सूचना मिलने के बाद हावड़ा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची। हावड़ा सिटी पुलिस के कमिश्नर अखिलेश चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद हावड़ा नगर निगम और केएमडीए के अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू की।

नाले के कारण मिट्टी बहने की आशंका, नगर निगम व केएमडीए की टीम जांच में जुटी

सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने गड्ढे के चारों ओर गार्ड रेल लगाकर क्षेत्र को घेर दिया है। सड़क के इस हिस्से से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। इससे केसी दत्ता रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। केसी दत्ता रोड के सामने फोरशोर रोड का संपर्क मार्ग है। आसपास हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट का कार्यालय व आवास, हावड़ा नगर निगम, हावड़ा अदालत और जिलाधिकारी कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे व्यस्त इलाके में सड़क धंसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

केएमडीए के एक अभियंता के अनुसार गड्ढे के पास से नाला गुजरता है। धंसे हिस्से पर पहले स्लैब लगाया गया था, जिसका उल्लेख नगर निगम के नक्शे में भी है। प्रारंभिक जांच में बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बहने को संभावित वजह माना जा रहा है। अभियंता फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहे हैं और आवश्यक मरम्मत की तैयारी की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT