निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के उलबेड़िया नगर पालिका के 23 नंबर वार्ड में भीषण पेयजल संकट को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जगदीशपुर घोषपाड़ा इलाके के निवासियों ने बाल्टी हाथ में लेकर उलूबेड़िया-श्यामपुर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से इलाके में पाइपलाइन के जरिए साफ पानी की आपूर्ति बंद है, जिससे करीब सौ से अधिक परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
लोगों ने किया उलबेड़िया-श्यामपुर रोड अवरुद्ध
प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। लगभग आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद उलबेड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।इलाके की निवासी सोनाली घोष ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से केवल एक पानी का टैंकर भेजा गया, जो पूरे इलाके की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं था। उन्होंने बताया कि इस समस्या की जानकारी स्थानीय पार्षद तानवी निजाम मोल्ला को भी दी गई थी।हालांकि पार्षद ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि शिकायत मिलते ही जल विभाग को सूचित किया गया था, लेकिन मिस्त्री नहीं मिलने के कारण पाइपलाइन मरम्मत का काम समय पर शुरू नहीं हो सका। बुधवार को मरम्मत कार्य किया गया, फिर भी गुरुवार सुबह तक जलापूर्ति सामान्य नहीं हो पाई। फिलहाल इलाके में पानी के टैंकर भेजे गए हैं और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है।