निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मीनाखां इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसंती हाईवे पर एक ऑटो और निजी चार पहिया गाड़ी के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और उसकी गति भी काफी तेज थी
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो मालंचा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और उसकी गति भी काफी तेज थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार निजी कार मीनाखां ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और ऑटो में सवार यात्री सड़क पर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता स्थानांतरित किया गया है। मीनाखां थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।