सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नये राज्यपाल आर एन रवि बुधवार को कोलकाता पहुंचे। वे आज गुरुवार को नये राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। शपथ समारोह लोकभवन में होगा। राज्य सरकार की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 11.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। जानकारी के मुताबिक कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल उन्हें शपथ दिलाएंगे। बुधवार को एयरपोर्ट पर आर एन रवि का स्वागत मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और मंत्री सुजीत बोस ने किया। जानकारी के मुताबिक नये राज्यपाल के साथ उनका परिवार भी कोलकाता आया है। बिहार के पटना में जन्मे आर एन रवि ने पत्रकारिता में संक्षिप्त कार्यकाल के बाद 1976 में भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। केरल कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे और एक समय में उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो और खुफिया ब्यूरो में अपनी सेवाएं दीं।
बोस ने अपने मित्र रवि को बताया सक्षम
पूर्व राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने नये राज्यपाल आर एन रवि की सराहना की। उन्हें प्रशासन में निपुण और स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम बताया। बोस ने रवि को केरल का अपना मित्र बताया। बोस ने कहा कि मेरे उत्तराधिकारी मेरे मित्र हैं। हम केरल राज्य में साथ थे। वे आईपीएस में थे और मैं आईएएस। वे अत्यंत सक्षम व्यक्ति हैं और प्रशासन में निपुण हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें (रवि को) मेरी सलाह की जरूरत है। वह स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हैं लेकिन बंगाल जैसे राज्य में, मेरा मानना है कि बीच का रास्ता अपनाना ही सबसे अच्छा है।