कार्यसमिति की बैठक के दौरान ऋतब्रत बनर्जी 
टॉप न्यूज़

ऋतब्रत गुट ने घोषित की नई राज्य कमेटी

अब ममता बनर्जी गुट को सीधी चुनौती

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी संघर्ष के बीच ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने शुक्रवार को अपनी नई संगठनात्मक टीम की घोषणा कर दी। तपसिया के एक होटल में हुई कार्यसमिति की बैठक के बाद ऋतब्रत ने दावा किया कि उनके नेतृत्व वाला गुट ही "वास्तविक तृणमूल" है। इसी के तहत विभिन्न पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।

सूत्रों के अनुसार, नई समिति में बिप्लब मित्र को राज्य अध्यक्ष तथा जावेद खान को कार्यकारी राज्य अध्यक्ष बनाया गया है। राजनीतिक हलकों में इसे हाल ही में ममता बनर्जी द्वारा स्वयं को पार्टी का राज्य अध्यक्ष घोषित किए जाने के जवाब और उनके नेतृत्व को सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में चंद्रिमा भट्टाचार्य को शामिल किया गया है।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सबीना यासमीन तथा कार्यकारी अध्यक्ष शिउली साहा बनाई गई हैं। तृणमूल छात्र परिषद का चेयरमैन कोहिनूर मजूमदार और अध्यक्ष सुदीप राहा को बनाया गया है। युवा कांग्रेस का अध्यक्ष अनिसुर रहमान विदेश तथा कार्यकारी अध्यक्ष सौरभ बसु को नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा श्रमिक संगठन का अध्यक्ष निर्जल डे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बहारुल इस्लाम, किसान संगठन का अध्यक्ष निशीथ कुमार मलिक तथा एससी-एसटी प्रकोष्ठ का अध्यक्ष आशीष मार्जित को बनाया गया है।

ऋतब्रत गुट में शामिल हो सकते हैं अनुव्रत मंडल

सूत्रों के अनुसार, तृणमूल के वरिष्ठ नेता अनुव्रत मंडल जल्द ही ममता बनर्जी का साथ छोड़कर ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस संबंध में बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और औपचारिक घोषणा शनिवार को की जा सकती है। खबर है कि ऋतब्रत गुट अनुव्रत मंडल को बीरभूम जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकता है। शुक्रवार को इस प्रस्ताव पर उनसे सहमति भी ली गई। शनिवार को ऋतब्रत गुट की कार्यसमिति की बैठक के बाद इस संबंध में आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।

SCROLL FOR NEXT