नई दिल्ली - रिंकू सिंह को भारत के होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों में गिना जाता है, वहीं प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सांसद हैं। अब इन दोनों के जीवन में क्रिकेट और राजनीति का मिलन होने जा रहा है। आज, 8 जून को लखनऊ के सेंट्रम होटल में उनकी सगाई का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस खास मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि रिंग सेरेमनी दोपहर करीब एक बजे शुरू हो सकती है।
मछलीशहर से सांसद हैं प्रिया सरोज
प्रिया सरोज का जन्म 1998 में वाराणसी में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई नई दिल्ली के एक स्कूल से पूरी की और फिर एलएलबी की डिग्री हासिल की। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मछलीशहर सीट से जीत दर्ज की और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बीपी सरोज को 35,850 वोटों के अंतर से हराया। प्रिया के पिता, तूफानी सरोज, खुद भी तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी से केराकात विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं।
यश दयाल के एक ओवर में लगाए थे पांच छक्के
रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। आईपीएल 2023 के दौरान उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ यश दयाल के एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को शानदार जीत दिलाई थी। इस प्रदर्शन के बाद वह रातों-रात सुर्खियों में आ गए और उनकी प्रतिभा को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम में जगह दी।
भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं वनडे और T20I
रिंकू ने साल 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 2 वनडे मैचों में कुल 55 रन बनाए। इसके साथ ही, उन्होंने 33 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 546 रन भी हासिल किए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिंकू ने 50 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3336 रन बनाए हैं, जिनमें 7 शतक शामिल हैं। आईपीएल में वह 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा हैं और अब तक 1099 रन बना चुके हैं।