केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रीजीजू सोमवार को नई दिल्ली में संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में वक्तव्य रखते हुए -
टॉप न्यूज़

वेणुगोपाल ने बिरला को लिखा पत्र, रीजीजू ने कहा : सरकार छात्रों के मुद्दे पर चर्चा को तैयार, शाह देंगे जवाब, विपक्ष को सुनना पड़ेगा

नयी दिल्ली : कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वे गृहमंत्री अमित शाह को पिछले दिनों यहां छात्रों पर कार्रवाई के मामले में सदन में आकर जवाब देने के लिए निर्देश दें। हालांकि संसदीय कार्यमंत्री किरेन रीजीजू ने संसद में कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है और गृहमंत्री विस्तार से जवाब देने को तैयार हैं। रीजीजू ने साथ ही विपक्ष को चुनौती दी कि उन्हें गृहमंत्री का पूरा जवाब सुनना पड़ेगा।

विपक्ष PM और शाह के बयान की मांग पर कायम

वेणुगोपाल ने पत्र में यह भी कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे युवा नागरिकों के खिलाफ कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ‘कार्रवाई’ गंभीर राष्ट्रीय चिंता का विषय है। इसकी तत्काल संसदीय जांच तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। गौरतलब है कि संसद में जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए सरकार ने सोमवार को छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा और गृहमंत्री अमित शाह के जवाब की पेशकश की। लेकिन कांग्रेस ने कहा कि विपक्ष अयोध्या के राम मंदिर से ‘चढ़ावे की चोरी’ के मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर गृहमंत्री के जवाब की अपनी दोनों मांगों पर कायम है।

‘गृहमंत्री को होना चाहिए संसद के प्रति जवाबदेह’

पत्र में कांग्रेस सांसद ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है। इसलिए पुलिस की कार्रवाई के लिए गृहमंत्री को संसद के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 77 और अनुच्छेद 75(3) का हवाला देते हुए कहा कि कार्यपालिका की संसद के प्रति जवाबदेही संसदीय लोकतंत्र का मूल सिद्धांत है। वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे अपने पद की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए गृहमंत्री को सदन में उपस्थित होने और विस्तृत बयान देने का निर्देश दें। उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री को इस मुद्दे पर सदन के पटल पर सदस्यों के सवालों का जवाब देना चाहिए।

रीजीजू का कांग्रेस पर निशाना

दूसरी ओर लोकसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद जब अपराह्न दो बजे शुरू हुई तो रीजीजू ने कहा कि मैं सरकार की ओर से स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि सरकार छात्रों के मामले को लेकर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस और विपक्ष से अनुरोध है कि उन्हें गृहमंत्री के जवाब के समय डरना नहीं है, भागना नहीं है। उन्हें पूरा जवाब सुनना पड़ेगा। रीजीजू ने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति (BAC) की बैठक में भी यह बात कही गयी है।

SCROLL FOR NEXT