सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

आरजी कर कांड: जांच से असंतुष्ट माता-पिता पहुंचे अदालत

पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी और बड़ी साजिश की जांच की मांग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: आरजी कर अस्पताल की पीड़िता के माता-पिता ने जांच की प्रगति पर गहरा असंतोष जताते हुए एक बार फिर अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने सियालदह अदालत में आवेदन कर पुलिसकर्मी अनूप दत्त को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। माता-पिता का आरोप है कि इस जघन्य अपराध में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि कई लोग शामिल थे और इसके पीछे एक गहरी साजिश है।

सीबीआई की भूमिका और पॉलीग्राफ टेस्ट पर उठाए सवाल

पीड़िता के माता-पिता ने अपनी याचिका में न केवल पुलिस की शुरुआती कार्रवाई, बल्कि सीबीआई (CBI) की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने उन डॉक्टरों और सहकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अपील की है, जो घटना वाली रात पीड़िता के साथ मौजूद थे। साथ ही, उन्होंने पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया में विसंगतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि डीएनए रिपोर्ट में एक से अधिक व्यक्तियों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बावजूद जांच उस दिशा में नहीं बढ़ी।

न्याय में देरी पर मुख्य न्यायाधीश को पत्र

सुनवाई में हो रही लगातार देरी से क्षुब्ध होकर माता-पिता ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि मामला बार-बार लिस्ट होने के बावजूद सुनवाई के लिए नहीं आ रहा है, जिससे न्याय मिलने में बाधा आ रही है। उनका स्पष्ट मानना है कि सजा सुनाए जाने के बावजूद अभी तक पूर्ण सत्य सामने नहीं आया है और असली अपराधी अब भी कानून की पकड़ से दूर हैं।

SCROLL FOR NEXT