निधि, सन्मार्ग संवाददाता
पानीहाटी : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नवगठित भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरजी कर मामले को लेकर एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने नवान्न सभाघर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोलकाता पुलिस के तत्कालीन तीन शीर्ष आईपीएस अधिकारियों— विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िता के परिवार को पैसे देने की पेशकश किसके इशारे पर की गई थी, इसकी पूरी जांच होगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कदम तत्कालीन मुख्यमंत्री या किसी अन्य मंत्री के निर्देश पर उठाया गया था, इस पूरे विषय को जांच के दायरे में लाकर सच सामने लाया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस कड़े फैसले पर पीड़िता 'अभया' के माता-पिता ने गहरी संतुष्टि और खुशी जाहिर की है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस बड़े फैसले का स्वागत करते हुए पीड़िता के पिता शेखर देवनाथ ने कहा कि मामले की शुरुआत से ही अपराधियों को छुपाने की लगातार कोशिशें की गई थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि कानून के रक्षक दोबारा ऐसा अपराध करने की हिम्मत न जुटा सकें, शुभेंदु अधिकारी ने कार्रवाई कर समाज में ऐसा ही एक बड़ा उदाहरण स्थापित किया है। आरजी कर आंदोलन के प्रमुख चेहरे रहे डॉक्टर अनिकेत महतो ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार अगर अपनी इच्छाशक्ति दिखाए तो सब कुछ कर सकती है, और अब इस संवेदनशील मामले में सच के सामने आने के रास्ते में कोई बाधा नहीं बची है।
पानीहाटी से नवनिर्वाचित विधायक और पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगर पिछली मुख्यमंत्री चाहतीं तो जांच और निलंबन का ऐसा निर्देश बहुत पहले दे सकती थीं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और यही दो मुख्यमंत्रियों की कार्यशैली के बीच का असली अंतर है। रत्ना देवनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रणाम करते हुए कहा कि वह इस कदम को न्याय प्रक्रिया की एक नई और मजबूत शुरुआत के रूप में देख रही हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले दिनों में इस साजिश में शामिल कई और लोग भी गिरफ्तार होंगे। इस कड़े कदम के बाद न केवल पीड़िता का परिवार, बल्कि पूरा बंगाल अब जल्द से जल्द न्याय मिलने को लेकर आशान्वित है।