आने वाले दिनों में कारोबार और बढ़ने की उम्मीद
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता में दुर्गा पूजा का महापर्व ना केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है, बल्कि यह शहर के व्यावसायिक परिदृश्य के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर लेकर आता है। दुर्गा पूजा में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष रह गया है, जिसके चलते महानगर के बाजारों से लेकर बड़े मॉल में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। उत्सव के माहौल का सकारात्मक और लाभप्रद असर महानगर के रेस्टोरेंट, कैफे और होटलों के कारोबार पर भी देखा जा रहा है। जहां इस बार, रेस्टोरेंट्स और कैफे में ग्राहकों की संख्या और बिक्री दोनों में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 10% की वृद्धि दर्ज की जा रही है। खासतौर पर त्योहार के दौरान पेश किए गए विशेष मेन्यू, आकर्षक ऑफर और शहर भर में सजाए गए पंडालों की ओर बढ़ते पैदल यात्री और परिवारों ने रेस्टोरेंट्स में भीड़ बढ़ाई है।
बाजारों में खरीदारी से बढ़ा होटल-रेस्टोरेंट की रौनक
त्योहार के इस खास सीजन में शहरवासियों का उत्साह और उमंग सातवें आसमान पर है। नए कपड़े, जूते, उपहार और पूजा की अन्य सामग्री खरीदने की लंबी दौड़-भाग के बाद परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ लोग लजीज व्यंजनों का आनंद लेने के लिए रेस्टोरेंट का रुख कर रहे हैं। रेस्टोरेंट कारोबारियों के मुताबिक शनिवार और रविवार के सप्ताहांत पर खान-पान के इन सभी ठिकानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी, जिससे पूरी आतिथ्य और खाद्य उद्योग में अभूतपूर्व रौनक लौट आई है। विशेष रूप से शहर के प्रमुख व्यस्त इलाकों और शॉपिंग हब में रेस्टोरेंट्स ने बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि दुर्गा पूजा के दौरान खान-पान उद्योग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
21 अक्टूबर तक भीड़ रहने की उम्मीद
होटल एण्ड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ ईस्टर्न इंडिया (एचआरएईआई) के प्रेसिडेंट सुदेश पोद्दार ने कहा कि हर साल की तुलना में इस बार रेस्टोरेंट्स में भीड़ और बिक्री बढ़ रही है। इस बार 10% तक बिक्री बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि आगामी 21 अक्टूबर तक ग्राहकों की यह भारी भीड़ इसी तरह बनी रहेगी, जिससे इस साल का कुल त्योहारी व्यापार पिछले साल के सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक नया आयाम स्थापित करेगा। हालांकि खासकर पार्क स्ट्रीट से लेकर दक्षिण कोलकाता, सॉल्टलेक समेत सभी इलाकों में काफी भीड़ हो रही है। कुल मिलाकर इस बार रेस्टोरेंट्स में बिक्री काफी बढ़ी है।