टॉप न्यूज़

PoK में 26वें दिन भी बगावत जारी, भारत से मदद की गुहार

सरदार अमान खान ने LoC के रास्ते खाद्य सहायता की अपील की, पाकिस्तानी रेंजर्स पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आरोप; पुलिस ने दावों से किया इनकार

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शन 26वें दिन भी थमता नजर नहीं आया। प्रदर्शन के प्रमुख आयोजकों में शामिल सरदार अमान खान ने भारत से मानवीय सहायता की अपील करते हुए जम्मू के पुंछ, मेंढर, राजौरी और डोडा के लोगों से खाद्य सामग्री पहुंचाने में मदद की मांग की। उनका आरोप है कि पिछले तीन सप्ताह से पाकिस्तानी प्रशासन ने इलाके में खाद्य आपूर्ति रोक रखी है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रावलकोट के ईदगाह मैदान में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सरदार अमान खान ने कहा कि यदि लोगों की मांगों का जवाब गोलियों से दिया गया तो उनके पास अन्य रास्ते भी खुले हैं। उन्होंने भारत के साथ फिर से जुड़ने की संभावना का संकेत देते हुए नियंत्रण रेखा (LoC) की ओर बढ़ने का सवाल भी उठाया, जिस पर मौजूद भीड़ ने समर्थन में प्रतिक्रिया दी।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शनिवार तड़के फज्र की नमाज के समय पाकिस्तानी रेंजर्स और PoK पुलिस ने प्रदर्शन स्थल के पास फायरिंग की। आयोजकों का दावा है कि इस घटना में 11 लोग घायल हुए। हालांकि, इसके बावजूद रावलकोट का ईदगाह मैदान प्रदर्शनकारियों से भरा रहा और लोगों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।

वहीं, PoK पुलिस ने गोलीबारी के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने कोई फायरिंग नहीं की। पुलिस का दावा है कि इस तरह की खबरें क्षेत्र का माहौल खराब करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं।

इधर, आंदोलन के एक अन्य प्रमुख नेता ख़्वाजा मेहरान ने विदेशों में रहने वाले PoK के लोगों से पाकिस्तानी सेना की कथित कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करने की अपील की। दूसरी ओर, शौकत नवाज मीर की गिरफ्तारी के विरोध में महिलाओं ने भी रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

SCROLL FOR NEXT