निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : साल 2011 में आई फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' की कहानी अब हकीकत में सामने आई है। दिल्ली साइबर पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने फिल्म के किरदार की तरह ही 500 से अधिक महिलाओं को अपनी बातों में फंसाकर उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये की ठगी की। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम आनंद कुमार है, जो बंगाल के उत्तर 24 परगना बारासात का रहने वाला है।
मैट्रिमोनियल और डेटिंग ऐप्स के जरिए देता था झांसा
जांच में पता चला है कि आनंद कुमार विभिन्न डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स पर अपनी पहचान बदलकर सक्रिय रहता था। वह कभी खुद को डॉक्टर, कभी बिजनेसमैन, तो कभी फिल्म प्रोड्यूसर या वकील बताता था। महिलाओं का भरोसा जीतने के बाद वह उनसे शादी का वादा करता था। कुछ मामलों में उसने युवतियों को मॉडलिंग में अवसर दिलाने या नामी कॉलेजों में एडमिशन कराने का लालच भी दिया। जब महिलाओं के साथ उसका रिश्ता गहरा हो जाता, तो वह अपनी बीमारी, व्यापार में घाटा या किसी पारिवारिक समस्या का बहाना बनाकर पैसे मांगता था। जैसे ही पैसे उसके खाते में आते, वह उनसे पूरी तरह संपर्क तोड़ लेता था।
7 लाख की ठगी ने खोला राज
इस बड़े स्कैम का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात डेटिंग ऐप पर 'वैभव अरोड़ा' नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपित ने शादी का झांसा देकर उससे करीब 7 लाख रुपये हड़प लिये और पैसे वापस मांगने पर गायब हो गया। दिल्ली साइबर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर जब मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की, तो पता चला कि 'वैभव अरोड़ा' ही असल में आनंद कुमार है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 4 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड, ठगी के पैसों से खरीदी गई सोने की ज्वेलरी भी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि वह ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग और अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल पर खर्च करता था। आरोपित पहले भी दिल्ली और गाजियाबाद में इसी तरह के मामलों में शामिल रहा है।