रजट पाटीदार ( फाइल फोटो )। 
टॉप न्यूज़

डिफेंस नहीं, अटैक मोड में RCB: पाटीदार

कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू पिछले साल आईपीएल में मिली जीत को पीछे छोड़ चुकी है और अब फोकस इस साल फिर खिताब जीतने के लिये बेहतरीन प्रदर्शन पर है।

बेंगलुरूः कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू पिछले साल आईपीएल में मिली जीत को पीछे छोड़ चुकी है और अब फोकस इस साल फिर खिताब जीतने के लिये बेहतरीन प्रदर्शन पर है। आरसीबी ने इस सत्र के पहले मैच में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। पाटीदार ने हालांकि कहा कि वह टीम के अभियान को खिताब बचाने की मुहिम नहीं मानते।

उन्होंने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हम इस मानसिकता के साथ नहीं खेल रहे हैं कि कुछ बचाना है। हमने 2025 में जो किया, वह बीती बात है। हम इस बार फिर खिताब जीतने के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के इरादे से खेल रहे हैं।’’ आरसीबी की जीत में विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और जैकब डफी का अहम योगदान रहा।

पाटीदार ने कहा, ‘‘लक्ष्य का पीछा करने में कोहली नंबर एक हैं। मुझे हमेशा से उनकी बल्लेबाजी पसंद है और डगआउट से उन्हें खेलते देखना बहुत शानदार रहता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कोच एंडी फ्लावर की तरह मुझे भी लगता है कि वह अपने खेल के शिखर पर हैं। उनकी पारी को बयान करने के लिये मेरे पास समय नहीं है। वह मेरे आदर्श हैं और मैंने उन्हें नेट्स पर उसी ऊर्जा और तत्परता के साथ खेलते देखा है। मैं उन्हें नेट्स पर बल्लेबाजी करते देखकर बहुत कुछ सीख रहा हूं।’’

सनराइजर्स के शीर्ष तीन विकेट लेने वाले डफी के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘वह टी20 का विशेषज्ञ गेंदबाज हैं और हमें उस पर काफी भरोसा है। जिस तरह से वह खेल रहा हैं, जबर्दस्त है।’’ आरसीबी और सनराइजर्स के मैच की शुरुआत भावुक रही जब पिछले साल स्टेडियम के पास भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया था। पाटीदार ने कहा कि परिजनों को खोना हमेशा खराब अहसास होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी परिजन को खोने पर हमेशा बुरा लगता है। मैं परिजन इसलिये कह रहा हूं क्योंकि इतने साल तक हमारा समर्थन करने वाले हमारे परिवार की ही तरह हैं और हमें उनकी कमी खलती है। मेरे पास कुछ कहने के लिये शब्द नहीं हैं।’’

SCROLL FOR NEXT