'पेट्रोल-डीजल होगा महंगा'-RBI गवर्नर ने भी दिए संकेत 
टॉप न्यूज़

'पेट्रोल-डीजल होगा महंगा'-RBI गवर्नर ने भी दिए संकेत

नयी दिल्ली : क्या देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने वाले हैं? केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI गवर्नर ने भी ऐसा संकेत दिए हैं। सरकारी तेल कंपनियों पर कच्चे तेल की बढ़ती लागत का बोझ इसका बड़ा कारण बनता जा रहा है। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी अमेरिका और ईरान के बीच जंग से मिडिल ईस्ट में तनाव का हवाला देते हुए इससे जुड़ा बयान दिया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट संकट और लंबा खिंचता है, तो फिर ऐसी स्थिति में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

'युद्ध लंबा खिंचा, तो पेट्रोल-डीजल महंगा'
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ​ने संकेत दिया है कि अगर मध्य पूर्व में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो भारत को तेल कंपनियों को आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करने का कदम उठाना पड़ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया की कुल जरूरत का करीब 20 फीसदी तेल की आवाजाही के लिए जिम्मेदार होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से सप्लाई चेन चरमराई है।

इसके चलते कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, महंगाई, ईंधन आयात पर निर्भरता, अर्थव्यवस्था पर दबाव डाल रही हैं। उनके इस बयान से साफ पता चलता है कि सरकारी तेल कंपनियों पर कच्चे तेल की बढ़ती लागत से दबाव बढ़ रहा है। 

उपभोक्ताओं पर फूटेगा महंगाई बम !
संजय मल्होत्रा ​​ने स्विट्जरलैंड में स्विस नेशनल बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा आयोजित एक शिखर सम्मेलन में यह बात कही है। आरबीआई गवर्नर के मुताबिक, मौजूदा वैश्विक ऊर्जा संकट बढ़ता है और स्थिति बिगड़ती है, तो फिर सरकार रिटेल फ्यूल प्राइस को अनिश्चित काल तक अपरिवर्तित रखने में सक्षम नहीं रह सकेगी। लंबे समय तक तनाव बने रहते पर सरकार द्वारा तेल की कीमतों में आए उछाल का कुछ हिस्सा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के रूप में उपभोक्ताओं पर डालने में बस कुछ ही समय लगेगा। 

SCROLL FOR NEXT