सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

मोटरसाइकिल को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत

चूर्णी ब्रिज पर काल बनकर आई तेज रफ्तार लॉरी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के राणाघाट में एक बेहद हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहाँ एक बेकाबू लॉरी ने हँसते-खेलते परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे राणाघाट के प्रसिद्ध चूर्णी ब्रिज पर एक तेज रफ्तार बड़ी लॉरी ने मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति और उनके बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि घातक लॉरी मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस भयावह मंजर को देखकर आसपास के लोग सिहर उठे। मौके पर ही पति-पत्नी ने दम तोड़ दिया, जबकि उनका मासूम बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझता रह गया।

अस्पताल ले जाने पर भी नहीं बचा मासूम, इलाके में शोक

दुर्घटना के समय पास में मौजूद एक राहगीर ने बताया कि माता-पिता की मौके पर ही मौत हो जाने के बावजूद बच्चे की सांसें चल रही थीं। बिना समय गंवाए, स्थानीय लोगों की मदद से मासूम को तुरंत बाइक पर लादकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को भी मृत घोषित कर दिया। एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म होने से पूरे राणाघाट इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना के बाद ब्रिज पर काफी समय तक यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।

SCROLL FOR NEXT