फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा-कोलकाता के बीच रामकृष्णपुर-चांदपाल फेरी सेवा 23 मार्च से रहेगी कुछ दिनों तक बंद

जेटी मरम्मत को लेकर रहेगा यह व्यवधान

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा/कोलकाता: हावड़ा और कोलकाता के बीच जलमार्ग से सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण रामकृष्णपुर (हावड़ा) से चांदपाल (कोलकाता) के बीच चलने वाली बेहद व्यस्त फेरी सेवा आगामी 23 मार्च 2026 से 8 अप्रैल 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगी।

क्यों बंद रहेगी सेवा?

परिवहन विभाग व हुगली नदी जलपथ परिवहन समन्वय समिति के अनुसार, रामकृष्णापुर जेट्टी (Jetty) की मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जाना अनिवार्य है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जेट्टी के जीर्णोद्धार का फैसला लिया गया है, जिसके कारण इस रूट पर फेरी का परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा।

किसे होगी सबसे ज्यादा परेशानी?

हावड़ा से हुगली नदी पार कर कोलकाता के धर्मतला (एसप्लानेड), ईडन गार्डन्स या डलहौजी (BBD बाग) जाने के लिए यह सबसे लोकप्रिय और सस्ता मार्ग है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी और व्यापारिक काम से कोलकाता आने वाले लोग सड़क मार्ग के जाम से बचने के लिए इसी जलमार्ग का उपयोग करते हैं। करीब 16 दिनों तक सेवा बंद रहने से यात्रियों को अब सड़क मार्ग का सहारा लेना होगा, जो समय और खर्च दोनों के लिहाज से महंगा पड़ सकता है।

विकल्प क्या है?

राहत की बात यह है कि विभाग ने स्पष्ट किया है कि चांदपाल से हावड़ा (Howrah Station) वाली फेरी सेवा सामान्य रूप से जारी रहेगी। जो लोग रामकृष्णापुर रूट का उपयोग करते थे, वे वैकल्पिक रूप से चांदपाल-हावड़ा फेरी का उपयोग कर सकते हैं या सड़क मार्ग से हावड़ा ब्रिज (रवींद्र सेतु) का रास्ता चुन सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT