‘रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर 375.50 करोड़ कमाये 
टॉप न्यूज़

रणबीर, यश अभिनीत ‘रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर 375.50 करोड़ कमाये

यह फिल्म पांच नवंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी

Ravi

नयी दिल्ली : अभिनेता रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ ने अपने प्रदर्शन के पहले सप्ताहांत में दुनिया भर के सिनेमाघरों से 300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है।

यह फिल्म पांच नवंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। यह प्राचीन पौराणिक महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित दो भागों की फिल्म शृंखला का पहला भाग है।

फिल्म कारोबार और कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैक्निल्क’ के अनुसार इस फिल्म ने दुनिया भर में कुल 375.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं भारतीय सिनेमाघरों से फिल्म की सकल कमाई 218.25 करोड़ रुपये रही है।

इस फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हांस जिमर और ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, वहीं स्टंट विशेषज्ञ टेरी नोटरी और गाइ नॉरिस इसके युद्ध व रोमांचक दृश्यों को निर्देशित करने वाली टीम का हिस्सा हैं।

इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज’ ने ‘डीनेग’ और यश की ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ के साथ मिलकर किया है। फिल्म के अन्य प्रमुख कलाकारों में सनी देओल, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, कुणाल कपूर, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT