बैरकपुर की चुनावी सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। साथ हैं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य, उम्मीदवार अर्जुन सिंह, डॉ. राजेश कुमार, पवन सिंह, सुमित्र चटर्जी, सुदीप्त दास व अन्य 
टॉप न्यूज़

बंगाल की तरफ नजर उठाई तो पाकिस्तान के होंगे कई टुकड़े : राजनाथ सिंह

इस हुंकार के बीच भाजपा उम्मीदवारों का शक्ति प्रदर्शन

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर/कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर राज्य में राजनीतिक पारा अपने चरम पर है। पाकिस्तान द्वारा कोलकाता को निशाना बनाने की धमकी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को बैरकपुर में कड़ा रुख अख्तियार किया। राजनाथ सिंह की इस ऐतिहासिक चेतावनी और हुंकार से उत्साहित होकर बैरकपुर अंचल और उत्तर 24 परगना जिले के कई भाजपा उम्मीदवारों ने भारी लाव-लश्कर के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

राजनाथ की चेतावनी: "1971 याद रखे पाकिस्तान"

बैरकपुर में एक राजनीतिक सभा और रोड शो के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान ने बंगाल की तरफ आंख उठाकर देखने का दुस्साहस किया, तो उसका अंजाम 1971 से भी बुरा होगा। राजनाथ सिंह ने कहा:

"55 साल पहले पाकिस्तान ने बंगाल पर नजर डाली थी, तो उसके दो टुकड़े हो गए थे। इस बार अगर कोई हिमाकत की गई, तो पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे, यह सिर्फ ईश्वर जानता है। उनका भविष्य लिखा जा चुका है।" यहां बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कोलकाता तक हमले की धमकी दी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए थे। राजनाथ सिंह के इस पलटवार ने अब बंगाल चुनाव में राष्ट्रवाद और सुरक्षा के मुद्दे को केंद्र में ला दिया है।

बैरकपुर और उत्तर 24 परगना में भाजपा का नामांकन उत्सव

रक्षा मंत्री के दौरे से उत्साहित होकर जिले के कई दिग्गज भाजपा उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित प्रत्याशी शामिल रहे:

  • नोआपाड़ा: अर्जुन सिंह

  • जगदल: डॉ. राजेश कुमार सिंह (पूर्व IPS)

  • भाटपाड़ा: पवन सिंह

  • बैरकपुर: कौस्तभ बागची

  • बीजपुर: सुदीप्त दास

  • नैहाटी: सुमित्र चटर्जी

  • बारासात: शंकर चटर्जी

  • राजारहाट न्यू टाउन: पीयूष कानोड़िया

  • विधाननगर: शरादत्व मुखर्जी

  • संदेशखाली: झरना सरदार

प्रत्याशियों के संकल्प: शांति, विकास और आजादी

नोआपाड़ा: "जनता की आजादी तय है"

नामांकन के बाद अर्जुन सिंह ने कहा, "रक्षा मंत्री ने इस मिट्टी को आजादी की धरती बताया है। इस बार तृणमूल के कुशासन से जनता की आजादी तय है। बंगाल में भाजपा का आना निश्चित है।"

भाटपाड़ा: "अब पूरे जोर-शोर से होगा काम"

भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा, "भाटपाड़ा में अब रुकने का समय नहीं है। भाजपा की सरकार बनते ही यहाँ विकास कार्य पूरे जोर-शोर से शुरू किए जाएंगे।"

जगदल: "गुंडागर्दी और तोलाबाजी से मिलेगी मुक्ति"

पूर्व IPS और जगदल से प्रत्याशी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने प्रशासनिक भवन में नामांकन के बाद कहा, "जगदल की जनता वर्तमान में भय के साये में जी रही है। गुंडों और तोलाबाजों से जनता को मुक्ति दिलाना, शांति स्थापित करना और चहुंमुखी विकास ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।"

SCROLL FOR NEXT