रक्षामंत्री राजनाथ सिंह  PCPC
टॉप न्यूज़

मंगलवार को बैरकपुर आ सकते हैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही बैरकपुर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। आगामी मंगलवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बैरकपुर आगमन की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, राजनाथ सिंह यहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ मौजूद रह सकते हैं। इस हाई-प्रोफाइल दौरे की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

रक्षा मंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। राजनाथ सिंह के आने से न केवल भाजपा का प्रचार अभियान गति पकड़ेगा, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र कहे जाने वाले बैरकपुर में राजनीतिक समीकरणों पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।

पुलिस कमिश्नर ने किया प्रशासनिक भवन का निरीक्षण

रक्षा मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर (CP) अमित सिंह खुद मैदान में उतरे, उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक टीम के साथ प्रशासनिक भवन और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा उन संभावित मार्गों की मैपिंग की जा रही है जहाँ से रक्षा मंत्री का काफिला गुजरेगा। साथ ही, नामांकन के दिन उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है।

नामांकन के दिन शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

बताया जा रहा है कि जिस दिन भाजपा के प्रमुख उम्मीदवार अपना पर्चा दाखिल करेंगे, राजनाथ सिंह उसी दिन उनके समर्थन में पहुँचेंगे। इसे भाजपा के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि होते ही सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया जाएगा। फिलहाल, पूरे बैरकपुर अनुमंडल में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT