टॉप न्यूज़

कोलकाता समेत कई जिलों में हुई बारिश, 122 मिमी रहा रिकॉर्ड

ट्रैफिक की रफ्तार थमी

आज भी बारिश होने की संभावना, कई जिलों में अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गंगा के मैदानी इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार सुबह से बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पिछले 48 घंटों से एक ही स्थान पर स्थिर बना हुआ है। हालांकि आज भी कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही इस प्राकृतिक मार से स्कूल और ऑफिस जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सारा दिन बारिश होने के कारण ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई और शहर के कई इलाकों में जलजमाव भी देखा गया है।

विभिन्न जिलों में बारिश का व्यापक असर

इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव केवल महानगर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पानागढ़, बैरकपुर, कैनिंग और हल्दिया जैसे इलाकों में भी भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम सहित 4 पश्चिमी जिलों में बहुत भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही मुर्शिदाबाद और नदिया जैसे मध्य बंगाल के क्षेत्रों में भी लगातार पानी बरसने की संभावना जताई गई है। तटीय ओडिशा की ओर बढ़ रहे इस वेदर सिस्टम के कारण दक्षिण बंगाल के लोगों को अभी कुछ और समय तक इस खराब मौसम से राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।

उत्तर बंगाल में भी मौसम का बदला मिजाज

दक्षिण बंगाल के अलावा उत्तर बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों के लिए 4 सितंबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड की तरफ आगे बढ़ेगा, जिससे धीरे-धीरे हालात सामान्य होने की संभावना बनेगी।

एक नजर इन इलाकों में बारिश पर

इलाका - कुल बारिश (मिमी)

जोधपुर - 122 मिमी

गरिया - 97 मिमी

श्रीपल्ली - 93 मिमी

मोमिनपुर - 74 मिमी

साल्टलेक - 40 मिमी

SCROLL FOR NEXT