उत्तर बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर सहित दक्षिण बंगाल में मतगणना से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी के बीच शुरू हुई बारिश और कालबैसाखी तूफानों ने लोगों का ध्यान चुनावी परिणामों के साथ-साथ मौसम की ओर भी खींच लिया है। उल्लेखनीय है कि मतदान के दिन भी कई क्षेत्रों में बारिश हुई थी, और अब मतगणना के दिन भी ऐसे ही हालात बनने की संभावना जताई गई है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार रविवार से शुरू हुआ बारिश और तूफानों का दौर सोमवार को और तेज हो सकता है, जो मतगणना के दिन लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर सकता है। कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में कालबैसाखी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
उत्तर-दक्षिण बंगाल में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बांकुड़ा, हावड़ा, मिदनापुर, 24 परगना और झाड़ग्राम जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने मतगणना केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा और प्रबंधन के निर्देश दिए हैं, ताकि खराब मौसम के बावजूद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके। वहीं मंगलवार यानी कल भी कुछ क्षेत्रों में बारिश और तूफान जारी रह सकते हैं, हालांकि इसकी तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है। उत्तर बंगाल में भी दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी है। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बढ़ी हुई आर्द्रता के कारण उमस बनी हुई है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।